हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,जॉर्डन के विदेश मंत्री अयमन अल-सफ़दी ने तुर्की में आयोजित अंटाल्या डिप्लोमेसी फोरम के दौरान अपने संबोधन में क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व इस समय कई जटिल संकटों से गुजर रहा है, इसलिए ज़रूरी है कि सभी क्षेत्रीय मुद्दों खासकर लेबनान, फ़िलिस्तीन और व्यापक सुरक्षा हालात पर सामूहिक रूप से विचार किया जाए।
अलसफ़दी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी देश के आंतरिक मामलों में बाहरी हस्तक्षेप स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि क्षेत्र में स्थिरता तभी संभव है जब सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाए और अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का पालन हो।
लेबनान और फ़िलिस्तीन की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लगातार जारी तनाव और सैन्य कार्रवाइयों ने पूरे क्षेत्र को अस्थिर बना दिया है। उनके अनुसार,क्षेत्र को बेंजामिन नेतन्याहू की नीतियों और राजनीतिक एजेंडे का बंधक नहीं बनाया जा सकता,और यह ज़रूरी है कि व्यापक शांति के लिए संतुलित और न्यायपूर्ण दृष्टिकोण अपनाया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से लेबनान की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि इज़रायल की सैन्य गतिविधियों और हमलों के कारण वहाँ भारी नुकसान हुआ है चाहे वह बुनियादी ढांचे का हो या नागरिक जीवन का। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि वह इस मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाए।
आपकी टिप्पणी